सड़क किनारे शिविर लगाना रहेगा चुनौती
मुजफ्फरनगर। सावन की झमाझम बारिश तो भक्तों के लिए फायदेमंद रहेगी, लेकिन शहर में जलभराव से परेशानी खड़ी होना तय है। सड़क किनारे शिविर लगाना भी चुनौती से कम नहीं है। हल्की सी बारिश में ही सड़क जलमग्न होती है। कई-कई फीट तक सड़कों पर जलभराव से आवाजाही में परेशानी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे लगने वाले शिविरों के लिए मुसीबत होगी।
कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा है। नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत समेत अन्य विभागों ने भी प्वाइंटवार तैयारियों को पूरा करने के लिए भागदौड़ तेज कर दी है। दस जुलाई से शिवभक्तों का शहर और देहात की पगडंडियों से निकलना शुरू होगा। इस बार शहर में शिवभक्तों की डगर मुश्किल भरी है, क्योंकि मौसम विभाग लगातार बारिश होने की चेतावनी देर रहा है। जुलाई माह में बारिश भी ठीक रहेगी। मिौसम ठंडा रहने के कारण शिवभक्तों को चलने में कोई दुविधा नहीं होगी। बारिश से होने वाले जलभराव से भक्तों को परेशानी होगी। नाले चोक होने से सड़क किनारे शिविर लगाना भी मुश्किल है। वहीं, लगातार जलभराव रहने से मच्छर भी पनपेंगे। जिला प्रशासन ने लगातार हो रहे जलभराव पर पालिका के पेच कसे हैं, जबकि सड़कों के गड्ढे भरने और कांवड़ पटरी मार्ग की सफाई के साथ ही मरम्मत कार्यों की प्रशासनिक अधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग से कार्य की रिपोर्ट तलब की है।
-