मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के समापन के बाद सामान्य प्रेक्षक पी अरुण बाबू और जिला निर्वाचन अधिकारी अजय शंकर पांडेय ने नवीन मंडी स्थल पर पहुंचकर ईवीएम को रखने की व्यवस्था को देखा। जनप्रतिनिधियों और निर्वाचन में लगे एजेंटों से पूछा कि उन्हें कोई शिकायत तो नहीं है।
डीएम ने सभी एजेंटों से कहा कि यदि किसी को किसी मतदान केन्द्र के संबंध में कुछ शिकायत है तो हमें बताएं, ताकि संबंधित पीठासीन अधिकारी की डायरी की रिपोर्ट को सभी के सामने रखा जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि संवीक्षा का उद्देश्य प्रत्याशियों के साथ मतदान के संबंध में यदि किसी को कोई शिकायत है तो उसकी जांच पीठासीन अधिकारी की डायरी तथा फार्म 17ए एवं अन्य अभिलेखों से की जा सकती है। ताकि सभी प्रत्याशी मतदान प्रक्रिया से संतुष्ट हो सके। डीएम ने बताया कि स्क्रूटनी के दौरान किसी प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। 23 मई को नवीन मंडी स्थल पर मतगणना प्रारंभ कराई जाएगी। सभी ईवीएम प्रत्याशियों व उनके निर्वाचन एंजेटों की उपस्थिति में विधानसभा वार बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी चौकसी व सुरक्षा प्रबंधों के साथ सील कर दी गई है। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सभी विधानसभाओं के एआरओ, भारतीय जनता पार्टी से शिवराज त्यागी, लोकदल से ब्रह्म सिंह बालियान सहित अन्य प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
डीएम ने चुनाव में सहयोगियों का आभार जताया
मुजफ्फरनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जनपद वासियों, मतदान ड्यूटी में लगे कार्मिकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, सुपर जोनल व निर्वाचन कार्यों से जुडे़ सभी अधिकारियों, पुलिस कर्मियों का शुक्रिया अदा किया। सभी को जनपद में शांति पूर्ण मतदान कराने के लिए बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि कार्मिकों द्वारा निष्पक्ष तरीके से शांति पूर्ण मतदान संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग दिया है। जनपद में किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना प्रकाश में नहीं आई है।