स्वच्छता अभियान रैली को डीएम ने दिखाई हरी झंडी
मुजफ्फरनगर।
ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत मनाए जा रहे स्वच्छ भारत दिवस पर स्वच्छता अभियान रैली को डीएम राजीव शर्मा ने अलमासपुर प्राथमिक विद्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले की सभी 498 ग्राम पंचायतों में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाल कर ग्रामवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। डीएम ने ग्रामीणों से शौचालयों का प्रयोग करने और गांव का गंदा पानी तालाबों और नदियों में न जाने देने की अपील की।
डीएम ने अलमासपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान जागरूकता रैली में कहा कि जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में स्वच्छता श्रमदान के आयोजन के साथ स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ किया गया। इसी के अंतर्गत स्वच्छता अभियान रैली निकाली जा रही है। रैली के माध्यम से जन-जन को यह संदेश दिया जायेगा कि अपने गली मोहल्ले को स्वच्छ रखे और दूसरों को भी जागरूक करे कि स्वच्छता एक मात्र विकल्प है स्वास्थ्य रहने का। स्वच्छता के माध्यम से समाज, प्रदेश और देश स्वस्थ होगा यह संदेश घर-घर जाए। सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों द्वारा इस अभियान को प्रारंभ कर दिया गया है। हम स्वच्छता रखेंगे तो हमारा स्वास्थ्य तो अच्छा होगा ही साथ ही हमारा पैसा भी बचेगा।
स्कूल में स्वच्छता रखें और सभी बच्चे स्वच्छ रहें। प्रतिदिन स्नान करें और प्रतिदिन धूली हुई यूनीफार्म ही पहनकर आयें। स्कूल में मिड-डे-मील साबुन से हाथ धोकर ही लें। स्वच्छता रहेगी तो बच्चे स्वस्थ रहेंगे और स्वस्थ समाज की स्थापना होगी। उन्होंने कहा कि अपने परिजनों को यह संदेश दें कि मच्छरों से बचने के लिए मच्छर दानी का उपयोग करें। बुखार और डेंगू से बचाव के लिए गिलोय का प्रयोग करने के लिए कहा । बीएसए चंदकेश यादव और शिक्षक मौजूद रहे।