मुजफ्फरनगर। बृहस्पतिवार सुबह हुई बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक और अधिक बढ़ गई। सुबह और शाम की ठंड बढ़ जाने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। ठंड के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। पहाड़ों में पड़ रही बर्फ और मैदानी क्षेत्रों में चल रही शीतलहर का आम जनजीवन पर प्रभाव पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को सुबह हुई बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। बीते 13 दिनों से लगातार शीतलहर चलने से आम आदमी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सुबह और शाम में ठंड इतनी ज्यादा है कि आम आदमी जल्द ही अपने घरों में चला जाता है। सुबह को लोग देर से उठ रहे हैं। सर्वाधिक ठंड सुबह के समय में हो रही है। हालत यह है कि सुबह के समय शहर की सड़कें सुनसान ही दिखाई दे रही है। यातायात व्यवस्था पर भी इसका प्रभाव पड़ा है। सुबह के समय रोडवेज की बस अड्डे पर भीड़ दिखाई नहीं दे रही है। रेलवे स्टेशन की भी यही स्थिति है।