खतौली(मुजफ्फरनगर)। मंसूरपुर नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार रात कई वाहन अचानक आगे पीछे भिड़ते चले गए। इस दौरान एक बस भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। टक्कर लगने से यूरिया के कट्टों से भरा एक ट्रक बीच सड़क पर पलट गया। जिससे हाईवे पर जाम लग गया।
बृहस्पतिवार रात करीब 11.30 बजे मंसूरपुर हाईवे पर स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने एक कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगते ही पीछे से आ रहे वाहन आपस में भिड़ते चले गए। सहारनपुर डिपो की बस भी टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसमें सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। इस दौरान यूरिया के कट्टों से भरा ट्रक भी सड़क पर पलट गया। यूरिया के कट्टे सड़क पर बिखर गए। चालक व परिचालक की जान बाल बाल बची। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से बस में सवार घायल यात्रियों को बाहर निकालकर बेगराजपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। इस हादसे में हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा। पुलिस ने बामुश्किल जाम खुलवाया और यातायात को सुचारु करवाया।