तितावी(मुजफ्फरनगर)। बुड़ीना कलां से फरार प्रेमी युगल के मामले में लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर भाकियू भी मैदान में आ गई है। भाकियू के मंडलाध्यक्ष धीरज लाटियान के नेतृत्व में बुड़ीना कलां के लोगों ने लड़की के परिजनों के साथ थाने के सामने सांकेतिक जाम लगाया।
थाने के सामने जाम के दौरान तितावी थाना प्रभारी ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को बताया कि पुलिस प्रेमी युगल की बरामदगी को लेकर प्रयास में लगी हुई है। लड़की के पिता की ओर से नामजद कराए गए युवक रोशन की तलाश की जा रही है। लड़के के कुछ रिश्तेदारों और मित्रों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने पुलिस को 31 जुलाई तक का समय दिया है। बरामदगी नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी। पुलिस के आश्वासन पर 20 मिनट बाद जाम खोल दिया गया। इस दौरान विकास सैनी, सन्नी प्रधान, भगत सिंह, संजय बालियान, मोनू बालियान, सतेंदर पहलवान, अंकित सैनी, विनोद, जितेंद्र, राजेंद्र सैनी, शहजाद, फिरोज, वसीम, मनोज प्रधान, राजेश ठाकुर, श्रीपाल, राजेंद्र, जयबीर आदि मौजूद रहे।