बजट की वजह से लटकी एफएसडीए की शिफ्टिंग
मुजफ्फरनगर। बचत भवन में एफएसडीए का शिफ्ट होना बजट के कारण लटक गया है। फिलहाल विभाग सीएमओ बिल्डिंग में संचालित रहेगा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग से एफएसडीए के अलग विंग होने के कारण इसके शिफ्ट होने की कवायद तेज हो गई। कलक्ट्रेट में भवन नहीं मिलने के कारण इसे बचत भवन की बिल्डिंग में ले जाना था, मगर यहां भी पैसा आड़े आ गया है।
कई साल से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) सीएमओ बिल्डिंग में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के पास भी फाइलों के साथ विभागों का अंबार है। जिसके चलते कई विभाग सीएमओ बिल्डिंग से दूर बने हैं। इससे परेशानियां खड़ी होती हैं, जबकि एफएसडीए को भी सीएमओ बिल्डिंग में कार्य करने में असुविधा बनी है। विभाग की फाइलों से भरी अलमारियां गैलरी में खड़ी हैं। जिस कारण हर वक्त फाइलों को लेकर विभाग चिंता में रहता है। महत्वपूर्ण फाइलों को कमरों के भीतर रखना पड़ता है। जिससे परेशानी हो रही है, क्योंकि यहां दो कमरे मिले हैं। जिनमें एक ओर औषधि प्रशासन का कार्य है, वहीं दूसरी तरफ खाद्य सुरक्षा विंग बनी है। दोनों विभागों के अधिकारियों को बैठने में भी दिक्कत पैदा हो गई है।
इसको लेकर विभाग के शिफ्ट होने की कवायद शुरू की गई। तत्कालीन डीएम डीके सिंह ने विभाग के लिए कलक्ट्रेट में जगह तलाशी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद विभाग ने बचत भवन की बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में शिफ्ट किए जाने का प्रपोजल शासन को भेजा। बचत भवन में एफएसडीए के शिफ्ट होने के लिए भवन की मरम्मत के साथ फर्नीचर, उपकरणों की जरूरत है। इसके लिए विभाग ने बजट दिए जाने की डिमांड रखी। प्रदेश स्तर पर प्रोजेक्ट फाइल लटकने विभाग के शिफ्ट होने का मामला अटक गया है। फिलहाल विभाग सीएमओ बिल्डिंग में ही संचालित रहेगा। विभाग के डीओ विनीत कुमार ने बताया कि एफएसडीए के शिफ्ट होने को लेकर प्रपोजल शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से बजट नहीं मिलने के कारण शिफ्टिंग रुक गई है। इसको लेकर शासन को पुन: पत्र भेजा गया है।