बैंक फसली ऋण का डाटा फीड करें : डीएम
- किसानों को प्रथम चरण में ही दिलाया जाएगा लाभ
- पांच बैंक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
(फोटो समाचार)
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर।
डीएम जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि जिले के सभी बैंक फसली ऋण का डाटा फीडिंग का काम पूरा कर लें। फसली ऋण माफी योजना का लाभ जनपद के किसानों को पहले चरण में ही दिलाया जाएगा। बैठक से अनुपस्थित रहने वाले पांच बैंक अफसरों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट के सभाकक्ष में फसली ऋण मोचन से संबंधित प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि जिले के जिन किसानों ने 31 मार्च 2016 तक व्यवसायिक, सहकारी या क्षेत्रीय बैंकों से फसली ऋण लिया है और 31 मार्च 2017 को भी ऋण बाकी है। ऐसे लघु और सीमांत कृषकों का एक लाख तक का ऋण माफ होगा। योजना का लाभ लेने के लिए कृषकों को अपने आधार कार्ड नंबर को अपने बैंक खाते से लिंक कराना होगा। डीएम ने सभी तहसीलदारों से कहा कि वह अपने क्षेत्र के दो हेक्टेयर से ऊपर जमीन रखने वाले किसानों की सूची उपलब्ध कराएं। बैंक शाखा प्रबंधक जनसुविधा केंद्र से डुप्लीकेट आधार कार्ड के संबंध में समन्वय कर सभी आधार कार्ड प्राप्त कर लें।
भूलेख संबंधित आंकड़े प्राप्त कर फीडिंग कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने पांच बैंकों के डीसीओ के उपस्थित नहीं होने पर नाराजगी जताई। पांचों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए एलडीएम को निर्देश दिए, जिन बैंकों में अधिक खाते हैं, वह तीन-चार दिन में और जिनमें कम खाते हैं, वह दो दिन में खातों की फीडिंग का कार्य पूरा करें। डीएम ने कहा कि जिले के अधिकांश किसानों को पहले चरण में ही लाभ दिलाया जाएगा। बैठक में सीडीओ अंकित अग्रवाल, उप निदेशक कृषि नरेंद्र कुमार, एमडीएम शशि जैन, समस्त तहसीलदार, बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।