कवाल के 12 ग्रामीण क्वारंटीन
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। गांव कवाल में तमिलनाडु के चेन्नई से आए कोरोना संक्रमित श्रमिक परिवार के छह सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिनमें डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल है। कोरोना संक्रमित मिले इन परिवारों के संपर्क में आने वाले 12 ग्रामीणों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है। ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
गांव कवाल निवासी 28 श्रमिकों के चेन्नई से आने पर प्रशासन ने इन श्रमिकों के सैंपल लेकर जांच को भेजे थे, जिनमें से 15 श्रमिक कोरोना पॉजिटिव मिले थे। प्रशासन ने कोरोना संक्रमित मिले श्रमिकों के परिवारों को भी क्वारंटीन किया था। सोमवार को श्रमिकों के एक परिवार में 6 सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले, जिनमें डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल है। सोमवार रात को ही प्रशासन ने इन परिवारों के संपर्क में आने वाले 12 ग्रामीणों को गांव के बाहर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में क्वारंटीन कर दिया। गांव कवाल से संबंधित अब तक 23 लोग कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। जिनमें दो जमाती भी शामिल रहे, जिसको लेकर ग्रामीणों में भी दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने पूरे गांव को सैनिटाइज कराने की मांग की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर अशोक कुमार का कहना है कि सोमवार रात को कॉलेज में क्वारंटीन किए गए 12 ग्रामीणों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।