मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जनपद के समस्त विकास खंड क्षेत्रों में गठित महिला समूह की सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। सीडीओ ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बनें। सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
सोमवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित महिलाओं के समूहों को प्रशिक्षण के लिए दो दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य विकास अधिकारी अंकित अग्रवाल ने कलक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत के सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के गुर बताए गए। पहले दिन उद्घाटन कार्यक्रम में जनपद के विकास खंड सदर, पुरकाजी, चरथावल, बघरा और शाहपुर में गठित महिला समूह सदस्यों को प्रशिक्षित किया गया। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक डॉ आदर्श सिंह ने समूहों को प्रशिक्षण देने के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए थे। इसी कड़ी में स्वयं सहायता समूहों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण में 25 रुपये प्रति सदस्य निर्धारित किए गए हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीडीओ अंकित अग्रवाल के अलावा उपायुक्त स्वत: रोजगार प्रभुदयाल, नाबार्ड प्रबंधक शैलेंद्र पड़ियार, कार्यवाहक एलडीएम पीएनबी विजय कुमार गुप्ता, शिवकुमार तोमर सहित विकास खंडों से आई स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्य उपस्थित रहीं। मंगलवार को जनपद के शेष चार विकास खंड क्षेत्रों में गठित समूहों की महिला सदस्यों को प्रशिक्षण के साथ ही कार्यक्रम का समापन होगा।