फैक्ट्री प्रकरण में 50 पर मुकदमा दर्ज
मंसूरपुर। बेगराजपुर में केमिकल फैक्ट्री में तोड़फोड़ केमामले में पुलिस ने फैक्ट्री स्वामी के तहरीर पर चार ग्रामीणों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए नामजद आरोपी फैक्ट्री मालिक को थाने से छोड़ दिया। पुलिस की इस कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। क्रॉस केस दर्ज होने से तनातनी का माहौल बन गया है।
मंसूरपुर के गांव घासीपुरा निवासी 60 वर्षीय किसान रघुबीर सैनी की खराब फसल को देखकर सदमे में मौत हो गई थी। सोमवार को ग्रामीणों ने बेगराजपुर स्थित केमिकल फैक्ट्री पर पहुंचकर तोड़फोड़ करते हुए फैक्ट्री स्वामी समेत कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। इसके बाद ग्रामीणों ने मुआवजा दिलाए जाने और फैक्ट्री मालिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दिया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम कन्हई सिंह के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक अभय केडिया को हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने मृतक के पुत्र मिंटू की तहरीर पर फैक्ट्री मालिक अभय केडिया के विरुद्ध 304, 427 की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक की तहरीर पर गांव घासीपुरा निवासी मृतक के पुत्र मिंटू, प्रमोद, मनोज और ओमबीर को नामजद करते हुए करीब 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध 307, 427, 147, 148, 323 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने हिरासत में लिए गए नामजद आरोपी फैक्ट्री मालिक को सोमवार को थाने से छोड़ दिया। पुलिस के इस रवैये को सहन नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।