खादर क्षेत्र में बाढ़ के हालात
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)।
खादर क्षेत्र में उत्तराखंड की पहाड़ियों से आए पानी से खादर क्षेत्र में बाढ़ के हालात बन जाने की जानकारी मिलने पर मंगलवार को पुरकाजी भाजपा विधायक प्रमोद उंटवाल ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा किया। ग्रामीणों से मिलकर हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया है। उधर, जिलाधिकारी राजीव शर्मा ने भी इलाके का भ्रमण कर हालात के बारे में जानकारी ली।
रविवार और सोमवार की रात उत्तराखंड की पहाड़ियों से छोडे़ गए करीब 25 हजार क्यूसेक पानी के कारण खादर क्षेत्र के ग्राम रामनगर, रजगल्लापुर, पांचली, भदौला ,चमरावाला, चानचक, आलमपुरा आदि में बाढ़ के हालात बन गए हैं। रास्तों व जंगलों में पानी भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं. ग्रामीणों के जंगल में नहीं जाने से जानवरों के लिए चारे का प्रबंध नहीं होने की वजह से विकट समस्या आ गई है। बाढ़ की हालात पैदा हो जाने के कारण ग्रामीणों में दहशत का आलम है। मंगलवार को हालात इतने विकट हो गए कि बच्चे स्कूल में नहीं जा सके। कई गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप होने के साथ ही दूरसंचार व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार को पुरकाजी भाजपा विधायक प्रमोद उंटवाल ने अधिकारियों को साथ लेकर खादर क्षेत्र का दौरा किया। विधायक और अधिकारियों ने ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने ग्रामीणों को पानी से निकलने के लिए अधिकारियों को दो नाव और एक ट्रैक्टर का इंतजाम कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को जरूरतमंद सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र, तहसीलदार रंजीत सिंह, जेई अशोक जैन के अलावा भाजपा नेता हरिराम सक्सेना, विरेंद्र सिंह, डॉ ओपी गौतम, कनवरलाल वर्मा, राजू राठी, केपी सिंह, नरेश गुर्जर, रजत कुमार आदि लोग मौजूद रहे।