निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला खालापार में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे राजमिस्त्री की सिर पर पत्थर गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने मामले में किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है।
शहर के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी मुरसलीन ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई जमशेद राजमिस्त्री था। पिछले कुछ समय से वह मोहल्ला खालापार में काम कर रहा था। सोमवार को जमशेद निर्माणाधीन मकान में गाड़ी से पत्थर उतरवा रहा था। इसी दौरान अचानक एक भारी भरकम पत्थर उसके सिर पर आ गिरा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोग जमशेद को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ के लिए रैफर कर दिया गया। हालांकि परिजन बीच रास्ते में हालत बिगड़ने पर उसे बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। इस पर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिसे गमगीन माहौल में दफना दिया गया।