शिक्षा से वंचित न रहे कोई बच्चा
मुजफ्फरनगर। जनपद में एक जुलाई से 31 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जाएगा। डीएम ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा संबंधी सभी सुविधाएं दी जाएंगी।
डीएम जीएस प्रियदर्शी ने बुधवार को स्कूल चलो अभियान संचालित करने के लिए जिला पंचायत के चौधरी चरण सिंह सभागार में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने कहा कि सर्वे के अनुसार पता चला है कि जिले में 822 बच्चे ऐसे हैं, जो शिक्षा से वंचित हैं। ऐसे बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी 6 से 14 वर्ष के बच्चें शिक्षा से वंचित न रह सकें। उन्होंने कहा कि जो बच्चेे होटल, ढाबे, ईंट भट्ठे, फैक्ट्री, कचरा आदि के कार्य में लगे हैं, उन्हें चिह्नित कर स्कूलों में उनका पंजीयन कराएं। उनके माता-पिता से मिलकर बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करें। बाल श्रमिक के बच्चों पर अधिक ध्यान देना होगा, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएं बच्चे को दी जाएगी बच्चें को स्कूल अवश्य भेजा जाए। डीएम ने कहा कि कक्षा तीन से ऊपर के बच्चे प्राथमिक विद्यालय में जो पढ़ रहे हैं वो अपने नाम सहित हस्ताक्षर करें, जिससे कि उनकी उपस्थिति दर्ज हो सके। कोई भी बच्चा अंगूठा न लगाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में घड़ी भी अवश्य लगी होनी चाहिए, जिससे कि समय का भी पता चलता रहेे और बच्चों को घड़ी देखनी आ सके। सदर खंड शिक्षा अधिकारी से कहा कि वे सुबह के समय कूड़ा-कचरा उठाने वाले बच्चों को चिह्नित करें, ताकि उन्हें शिक्षा से जोड़ा जाए। बैठक में बीएसए चंद्रकेश सिंह यादव, डायट प्राचार्य पीके उपाध्याय, डीपीओ माला सोनकर आदि शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।