अफसरों ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन जुट गया है। डीएम और एसएसपी ने बुधवार को कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ मार्ग को ठीक कराने के निर्देश भी दिए। सुरक्षा के मद्देनजर भी कुछ जगहों को चिह्नित किया जा रहा है।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर प्रतिवर्ष जिले के मार्गों से करोड़ों कांवड़िए गुजरते हैं। इनमें कुछ कांवड़िये दिल्ली-देहरादून मार्ग से आते हैं तो भीड़ के चलते बड़ी संख्या में नहर किनारे के मार्गों से भी आते हैं। बुधवार को डीएम जीएस प्रियदर्शी एवं एसएसपी अनंत देव ने नेशनल हाईवे में बरला, छपार, भूराहेड़ी, पुरकाजी में जगह-जगह मार्ग को देखा। मुख्य मार्ग में जिन स्थानों पर अभी भी गड्ढे बने हैं, उन सभी को चिह्नित किया जा रहा है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों को इस तरह से तैयार किया जाए, जिससे पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। एसएसपी ने भी उन स्थानों को देखा, जो सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माने जाते हैं।