फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंधविश्वास में जकड़े परिवार हो रहे शिकार, 10 और महिलाओं की चोटी कटी

Thu, 10 Aug 2017 12:44 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
महिला की कटी हुई चोटी दिखाता युवक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
खतौली नगर में अलग अलग मोहल्लों में दो महिलाओं की चोटी कटने से दहशत फैल गई। दोनों महिलाएं अपनी कटी चोटी देखकर बेहोश हो गईं, जिससे परिवार वाले घबरा गए। चोटी कटने की घटना से घबराए लोगों ने अपने मकानों के बाहर नीम की टहनी टांगनी शुरू कर दी है। चोटी कटने का सिलसिला थमने के बजाए दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। मोहल्ला काजियान में नूरडहर वाली गली निवासी आफताब की पत्नी यासमीन सुबह करीब आठ बजे अचानक बेहोश हो गई। जिसे देख परिवार के लोग दौड़े। परिजनों ने देखा कि यासमीन की चुटिया कटी है और वह अचेत पड़ी हुई है। चोटी कटने की खबर आग तरह पूरे मोहल्ले में फैल गई और आसपास के लोगों का वहां जमावड़ा लग गया। 
विज्ञापन


उधर, मोहल्ला सद्दीकनगर में कासिम की पत्नी तबस्सुम बुधवार सुबह कुरान शरीफ पढ़ रही थी। अचानक उसके सिर में तेज झटका लगा। उसकी चोटी में बंधी बाजार की काली चुटिया कटकर नीचे गिर गई। जिसे देख वह बेहोश हो गई। महिला की चीख निकली तो परिवार के लोगों के होश उड़ गए। वहीं मीरापुर। गांव संभलहेड़ा में लगातार दूसरे दिन दो स्थानों पर महिलाओं की चोटी कटने की घटना ने लोगों में दहशत बैठा दी। गांव के मोहल्ला सलारपटटी निवासी सवित की पत्नी बबीता मंगलवार की रात में परिवार के साथ अपने मकान की छत पर सोई थी। करीब डेढ़ बजे बबीता को एक अजीब सी आकृति दिखाई दी।

जैसे ही वह घबराकर उठी तो उसकी चोटी कटी मिली। दूसरी घटना संभलहेड़ा स्थित रिक्शा स्टैंड के पास रहने वाले अनीस की बेटी राबिया के साथ हुई। परिजनों ने बताया कि राबिया बुधवार की सुबह करीब दस बजे अपने कमरे में कपड़े लेने के लिए गई थी। इसी दौरान उसकी चोटी कटकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद राबिया बेहोश होकर गिर पड़ी। काफी प्रयासों के बाद पीड़िता को होश आया तो उसने बताया कि उसे भी तीन कुत्ते जैसी आकृति दिखाई देने के बाद चोटी कटी है। इन सभी मामलों को लेकर तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। उधर, चोटी कटने से दहशतजदा लोगों ने अपने परिवार की महिलाओं को बचाने के लिए घरों के बाहर टोने टोटके भी करने शुरू कर दिए हैं।
विज्ञापन


मंसूरपुर। गांव पुरबालियान में महिला की अचानक चोटी कटने और बिल्ली का साया दिखाई देने से लोगों मेें दहशत बनी हुई है। जाहिद की पत्नी 35 वर्षीय संजीदा बुधवार को तीन बजे के करीब चारपाई पर लेटी हुई थी। उसको अचानक अपने बालों में खिंचाव सा महसूस हुआ। उसने सिर पर हाथ लगाया तो उसकी चोटी कटी मिली। इसी दौरान उसको बिल्ली जैसी साया घर में दिखाई दिया। जिसके बाद उसकी चीख निकल गई थी। परिजनों ने महिला को जाकर देखा तो वह बेहोश पड़ी थी।

तितावी में बुड़ीना खुर्द के मोहल्ला गफूरपुरा में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे शमा परवीन पत्नी मुरसलीन लड़के बहार आलम की पत्नी फात्मा के साथ कपड़ों पर सिलाई कर रही थी। अचानक शमा परवीन को चक्कर आने लगे। इस दौरान शमा की चोटी कटकर नीचे गिर गई। जिसके बाद वह बेहोश हो गई। यह देख फात्मा ने चिल्लाना शुरू कर दिया और वह भी बेहोश हो गई। शोर सुनकर परिवार और पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। इमाम मोहम्मद आबिद का कहना है कि यह किसी टौने-टोटके का असर है। उन्होंने कटी चुटिया को दफन करने की सलाह दी।

मोरना मोरना में धन्ना की पत्नी गीता की बुधवार देर शाम को अचानक उसकी चोटी कट गई। महिला की चीख निकलने पर परिवार के लोग दौड़े। तब तक महिला बेहोश हो गई थी। परिवार में दहशत का माहौल व्याप्त है। उधर, मंसूरपुर के गांव नरा में वसीम की पत्नी चांदनी मंगलवार की रात 9.30 बजे रसोई में चाय बना        रही थी। इसी दौरान उसकी चोटी कट गई। महिला की चीख निकली और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई।

शाहपुर के मोहल्ला तेलियान में बुधवार रात घर के अंदर नमाज पढ़कर खड़ी हुई तो समां को लगा कि कोई उसे पीछे से धकेल रहा है। जैसे ही वह कमरे में गई तो जोर से चिल्लाने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ी । समां की हालत देख परिजन घबरा गए उसे उठाया तो उसकी चोटी कटी पड़ी थी। मोहल्ले के प्राइवेट चिकित्सक को बुलाकर उसे दिखाया, लेकिन होश में न आने पर उसे मुजफ्फरनगर ले जाया गया। चोटी कटने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। समां के ससुर ने बताया कि घर में किसी तरह की कोई आहट नहीं सुनी और घर के दोनों मैन दरवाजे भी बंद थे। 

वहीं, दूसरी ओर क्षेत्र के गांव तावली में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ चुके नसीम की पत्नी खानम चौधरी परिवार के साथ छत पर बैठी हुई थी। उसी समय उसे महसूस हुआ कि उसके पीछे कोई खड़ा हुआ है। उसने अपनी लड़की को कहा कि देख कौन है मेरे पीछे लड़की ने कहा कि कोई नहीं है। इतना कहते ही खानम बेहोश होकर गिर गई। उसे उठाया तो उसकी चोटी कटी पड़ी थी। घंटों बाद भी खानम को होश नहीं आया था। गांव में हुई पहली घटना से गांव में सनसनी फैल गई।

गांव शेरनगर में संदिग्ध हालात में घूम रही युवती को ग्रामीणों ने चोटी काटने के शक में दबोच लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। शेरनगर गांव में मंगलवार रात्रि एक युवती संदिग्ध अवस्था में घूम रही थी। ग्रामीणों को शक हुआ कि युवती चोटी काटने वाली है। जिसके बाद उसको पकड़ लिया। चोटी काटने वाली के पकड़े जाने की खबर से ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना मिलने पर नईमंडी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने ले आई। पुलिस पूछताछ में पकड़ी गई युवती ने बताया कि उसकी एक सहेली ने उसे फोन कर बुलाया था। जांच की तो पता चला कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिसके चलते वह घर से निकल जाती है। बुधवर शाम पुलिस ने पूछताछ के बाद परिजनों को बुलाकर युवती को हवाले कर दिया। 

तितावी थाना क्षेत्र के सैदपुरा खुर्द में मंगलवार रात मोहल्ला कीर्तन भवन के पास रहने वाले मुकेश कश्यप के 12 वर्षीय पुत्र शिवा जो रात को अपनी मां के पास सो रहा था। करीब तीन बजे शिवा ने चीखना शुरू कर दिया। इस पर शिवा के माता-पिता भी जाग गए और पड़ोस के लोग भी इकट्ठा हो गए। मौजूद लोगों ने शिवा के बाल कटे हुए देखे। शिवा के पिता मुकेश ने बाल उठाए तो उन्होंने अपने हाथ में दर्द की शिकायत की। शिवा का कहना है कि सोते समय उसे काली बिल्ली दिखाई पड़ी थी। 

जानसठ तहसील क्षेत्र के गांवों में कस्बों में चोटी कटने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिससे महिलाओं में दहशत व्याप्त है।     सुबह मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी कक्षा 11 की छात्रा मुस्कान पुत्री मोहर्रम अली बड़ी बहन के साथ कमरे में सो रही थी। तभी उसको चुटिया कटने का अहसास हुआ। उसने उठकर देखा तो उसके बाल कटे हुए पड़े थे। घटना का   पता लगते ही लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। 

ग्रामीण क्षेत्रों व कस्बे में महिलाओं ने चोटी काटने वाले भूत से बचने के लिए तांत्रिकों की शरण लेनी शुरू कर दी है। महिलाओं ने अपने घरों के दरवाजे पर मेहंदी के छापे, मिर्च, नींबू और नीम की टहनियां लगानी शुरू कर दी है। उधर, सीओ एसकेएस प्रताप ने बताया कि कोई प्रेत आत्मा नहीं है। अफवाह फैलाने वाले लोगों  पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में लगातार ऐसी घटनाओं पर नजर रखे हुए है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें