फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर दंगे के दागियों पर कसा शिकंजा

Wed, 18 Sep 2013 12:11 AM IST
अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर में सांप्रदायिक हिंसा के जिम्मेदार माने जा रहे राजनीतिज्ञों पर पुलिस-प्रशासन ने शिकंजा कसने की तैयारी पूरी कर ली है।
विज्ञापन


जिले के नंगला मंदौड़ और खालापार सभा में धारा-144 के उल्लंघन और भड़काऊ भाषण देने के 16 आरोपियों के विरुद्ध अदालत से वारंट जारी हो गए हैं।

इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दस से अधिक टीमें गठित की गई हैं। इधर, गिरफ्तारी रोकने के लिए पार्टियों ने भी अपनी तरफ से खेमेबंदी शुरू कर दी है। इससे राज्य में टकराव के हालात बन रहे हैं।

गिरफ्तारियों में भी राजनीतिक रंग
गिरफ्तारियों के ये प्रयास भी राजनीतिक रंग लिए हुए हैं, क्योंकि एक सभा में बसपा और सपा दोनों दलों के नेता मौजूद थे, लेकिन कार्रवाई की लिस्ट में सपा प्रदेश सचिव राशिद सिद्दीकी का नाम शामिल नहीं है।
विज्ञापन


उधर, भाजपा विधायक संगीत सोम पर कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को मेरठ के भाजपाइयों ने हंगामा किया।

मुजफ्फरनगर शहर और देहात में व्यापक स्तर पर हुई सांप्रदायिक हिंसा के लिए भाजपा, बसपा, कांग्रेस और रालोद नेताओं के भड़काऊ भाषणों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।

इनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर विधानसभा से लेकर सड़क तक पुलिस पर भारी दबाव है। दो रोज पहले दौरे पर यहां आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दोषियों पर जल्द से जल्द शिकंजा कसने की बात कह गए थे।

पीएम ने उठाया था सवाल
सीएम के दौरे के अगले ही दिन सोमवार को यहां पहुंचे प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने कार्रर्वाई नहीं होने पर राज्य सरकार पर सवाल उठाया था।

सोमवार रात को कर्फ्यू खत्म होने के बाद अब नंगला मंदौड़ और खालापार की सभा को लेकर आरोपी बनाए गए विपक्ष के नेताओं पर कानूनी शिकंजा कसने की कवायद शुरू हो गई है।

सिखेड़ा पुलिस ने एसीजेएम द्वितीय कोर्ट से नंगला मंदौड़ पंचायत के आठ आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी कराए हैं, जबकि शहर कोतवाली पुलिस ने खालापार सभा को लेकर आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से वारंट प्राप्त कर लिया है।

एसएसपी प्रवीण कुमार के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दस टीमें गठित की गई हैं। अन्य आरोपियों के पते तस्दीक कराकर जल्द उनके भी कोर्ट से वारंट ले लिए जाएंगे।

नंगला पंचायत के वारंटी
सरधना क्षेत्र सेभाजपा विधायक संगीत सोम, बिजनौर के भाजपा विधायक कुंवर भारतेंदु, भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत, प्रवक्ता राकेश टिकैत, पूर्व विधायक ओमवेश, स्थानीय निवासी हरपाल सिंह, बिट्टू व चंद्रपाल के खिलाफ सिखेड़ा पुलिस ने वारंट प्राप्त किए हैं।

इसके साथ ही भाजपा नेता हुकुम सिंह, भाजपा विधायक सुरेश राणा और कांग्रेस के पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक आदि के खिलाफ पुलिस विवेचना चल रही है।

खालापार सभा के वारंटी
बसपा सांसद कादिर राना, विधायक नूर सलीम राना, मौलाना जमील, पूर्व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां और उनके बेटे सलमान सईद, पालिका सदस्य असद जमां, पूर्व पालिका सदस्य नौशाद कुरैशी, व्यापारी एहसान कुरैशी के विरुद्ध कोर्ट से वारंट लिए गए हैं।

संगीत सोम, कुंवर पर दो-दो मुकदमे
भाजपा विधायक संगीत सोम और कुंवर भारतेन्दु पर दो-दो मुकदमे हैं। संगीत सोम पर 7 सितंबर की पंचायत में भड़काऊ भाषण के साथ कवाल कांड की फेसबुक पर डाली गई कथित वीडियो को भी शेयर करने का आरोप है।

विधायक भारतेन्दु पर 31 अगस्त और 7 सितंबर की पंचायतों के मुकदमे हैं। इन दोनों की तलाश में दबिश चल रही है, लेकिन पुलिस को अब तक कोई कामयाबी नहीं मिल सकी है।

पीआईएल पर सरकार से जवाब मांगा
हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने मुजफ्फरनगर समेत मौजूदा सपा सरकार के राज में अब तक हुए सभी दंगों की सीबीआई से जांच कराने के आग्रह वाली पीआईएल पर राज्य सरकार से जवाब तलब किया है।
विज्ञापन


कोर्ट ने राज्य सरकार कोपक्ष पेश करने के लिए दो हफ्ते का समय दिया है। अदालत ने दंगों के संबंध में सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर याचिकाओं की स्थिति से भी अवगत कराने को कहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें