भोजपुर। मुरादाबाद के एक कोचिंग सेंटर से पढ़कर घर लौट रही छात्रा के साथ युवक ने छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने पकड़कर युवक की धुनाई की। इसके बाद आरोपी को पुलिस को सौंपा। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी किसान की बेटी मुरादाबाद के एक कोचिंग सेंटर पर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही है। बुधवार की दोपहर छात्रा कोचिंग सेंटर पर पढ़कर वाहन से अपने घर वापस आ रही थी। तभी इस्लामनगर गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने वाहन में बैठे युवक ने छात्रा से छेड़खानी शुरू कर दी। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण आ गए। उन्होंने युवक की पटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
सूचना मिलने पर छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे। पीड़ित के पिता ने थानाध्यक्ष राशिद अली खान को तहरीर देकर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुछ ग्रामीणों का कहना है की युवक शराब के नशे में था। संवाद