मुरादाबाद। विद्यालयों में आज से योगाभ्यास शुरू कराया जाएगा। योगाभ्यास का 25 से 40 मिनट का वीडियो भी विद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित करना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने इस संबंध मे विद्यालय के प्रधानाचार्यों को प्रतिदिन के कार्यों से अवगत कराते हुए पत्र भेजा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दुबे ने प्रधानाचार्यों सूचित किया कि मंगलवार से 21 जून यानी आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक प्रतिदिन सुबह 25 से 40 मिनट तक योगाभ्यास कराया जाएगा। 14 जून को योग प्रशिक्षक और अध्यापकों को प्राणायाम, आसन, ब्रीथिंग और अभ्यास आदि के प्रति जागरूक किया जाएगा। कर्मचारियों को 15 जून को प्राणायाम, ब्रीथिंग का अभ्यास, 16 जून को विद्यार्थियों के बीच योग विषय पर पोस्टर और निबंध प्रतियोगिता, 17 जून को शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारी, विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार कराया जाएगा। 18 जून को विद्यार्थियों के बीच वाद -विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 20 को शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को शपथ दिलायी जाएगी। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग की विभिन्न क्रियाओं का आयोजन किया जाएगा।