मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में गुरुवार दोपहर चंदौसी रेल लाइन पर ट्रेन से कटकर एक महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर मृतका की पहचान कराई।
कटघर थानाक्षेत्र के सिरसा इनायतपुर निवासी किरन सैनी(22) की शादी मझोला के मीरपुर निवासी राजकुमार के साथ हुई थी। किरन रक्षा बंधन पर अपने पति के साथ मायके आई थी। बुधवार को वह बैंक में रुपये जमा करने गई थी। गुरुवार सुबह फिर से वह बैंक की पासबुक अपडेट कराने की बात कहकर घर से निकल गई थी। गुरुवार दोपहर दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह मुरादाबाद-चंदौसी रेल लाइन पर बाईपास ओवरब्रिज के पास ट्रेन की चपेट में आ गई। जिसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।