मुरादाबाद। पाकबड़ा थानाक्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव में रोंगटे खड़े कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की करंट लगाकर हत्या कर दी। सोमवार सुबह परिजन जागे तो घटना की जानकारी हो पाई। सूचना मिलने पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस बुला ली। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी गई।
पुलिस के मुताबिक संभल के असमोली थानाक्षेत्र के खेतपुर निवासी रोहताश की बेटी रानी की शादी तीन साल पहले पाकबड़ा क्षेत्र में उमरी सब्जीपुर गांव निवासी राहुल के साथ हुई थी। रानी की एक बेटी संतोषी है। राहुल ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। रानी के पिता का आरोप है कि दहेज में बाइक नहीं मिलने की वजह से राहुल रानी को परेशान करता था। मामले को लेकर कई बार पंचायत हुई थी। रक्षाबंधन से पहले राहुल ने रानी को बेरहमी से पीट दिया था। इसके बाद उसका भाई अनिल उसे बुलाकर मायके ले गया था। इस मामले को हल करने के लिए जब पंचायत हुई तो वहां पर रानी के भाई अनिल ने राहुल की पिटाई कर दी थी। लोगों के समझाने पर राहुल फिर से रानी को बुलाकर उमरी सब्जीपुर गांव ले गया। बताया जा रहा है कि राहुल का अपने साले से विवाद हो गया था। इसके बाद से रानी अपने मायके में रह रही थी। दस दिन पहले ही राहुल अपनी पत्नी को मायके से बुलाकर लाया था। इसके बाद से ही दंपती के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात आरोपी पति ने हाशिए में बिजली का तार बांध लिया। इसके बाद पत्नी के गले पर उस तार को लगा दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह परिजन जागे तो रानी मृत अवस्था में पड़ी मिली, जबकि पास में ही बिजली का तार बंधा हाशिया भी पड़ा हुआ था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट से मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा महिला के शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं। थाना प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि रोहताश की तहरीर के आधार पर रानी के पति राहुल, ननद बीना, ननदोई विकास और राहुल के मामा अजय पाल सिंह निवासी मानकपुर बंजरिया थाना टांडा जनपद रामपुर के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।