मुरादाबाद। शनिवार सुबह मझोला थानाक्षेत्र में सर्किट हाउस के पास गलत दिशा में आए वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। इसमें एक युवक की मौत हो गई। वहीं, उसके दो साथी घायल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।
हादसे में जान गंवाने वाला युवक अनिल (24) संभल जनपद के बहजोई थानाक्षेत्र के चिरौली भगवंतपुर गांव का निवासी था। वह दिल्ली रोड स्थित फर्म में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि नाइट ड्यूटी करने के बाद अनिल अपने साथी बिलारी थानाक्षेत्र के जिगनिया निवासी मिंटू और चंद्रकेश के साथ बाइक से नया गांव स्थित किराए के कमरे पर जा रहा था। दिल्ली रोड पर सर्किट हाउस के सामने छोटा हाथी रॉग साइड से आ गया। अचानक सामने आए वाहन को देख अनिल घबरा गया।
इस कारण बाइक छोटा हाथी से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि अनिल का हेलमेट भी टूट गया। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। इसी बीच छोटा हाथी वाहन चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और तीनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने बताया कि अनिल के परिवार में पत्नी किरण और दो बच्चे दिव्यांशी और वैभव हैं। पिता रामकेश खेतीबाड़ी करते हैं। मझोला थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।