मरीज मिलने के बाद जागा विभाग, आज तैयार करेंगे 40 बेड
कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग आखिरकार जाग गया है। शासन की गाइडलाइन के बाद जो व्यवस्थाएं चार दिन पहले बनानी थीं, वे बुधवार को की जाएंगी। एमसीएच में स्वास्थ्य विभाग 100 बेड कोरोना मरीजों के लिए तैयार करने का दावा कर रहा है। इनमें से 40 बेड सभी चिकित्सकीय उपकरणों समेत बुधवार को तैयार कर लिए जाएंगे।
शासन की ओर से 22 दिसंबर को यह गाइडलाइन जारी हुई थी कि इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस व सारी के मरीजों की एंटीजन, आरटीपीसीआर जांच की व्यवस्था की जाए। मरीज मिलने से पहले तक विभाग ने ऐसा कुछ नहीं किया।
मंगलवार को जब निजी अस्पताल की लैब से एक मरीज के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिली तब सर्विलांस अधिकारी डॉ. हरीश चंद्रा अपनी टीम के साथ टीडीआई सिटी पहुंचे। उन्होंने मरीज को दवा उपलब्ध कराई। फिलहाल जो एक मरीज पॉजिटिव मिले हैं, उनके घर सैनिटाइजेशन करा दिया गया है।
परिवार के लोगों को भी होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है। विभाग जिला अस्पताल व निजी अस्पतालों में आने वाले सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन वाले मरीजों की जांच बढ़ाएगा। इस संबंध में सीएमओ ने बैठक कर सभी निजी अस्पतालों को निर्देश दिए हैं।
2021 की तरह आईसीयू होगा तैयार
वर्ष 2021 में कोरोना के गंभीर संक्रमण काल में जिला अस्पताल की एमसीएच विंग में आईसीयू संचालित किया गया था। उसी तरह अब स्वास्थ्य विभाग व्यवस्थाएं बना रहा है। जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन सप्लाई व हाई फ्लो नेजल कैनुला मशीनों के जरिए भी इलाज दिया जाएगा। डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जा रही है। सीएमओ का कहना है कि जरूरत पड़ने पर निजी अस्पतालों के डॉक्टरों से समन्वय कर एमसीएच विंग में मरीजों को इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
अलग करना होगा एमसीएच विंग का रास्ता
जिला अस्पताल की एमसीएच विंग में अब गर्भवती महिलाएं भर्ती हैं। वहां महिला अस्पताल के डॉक्टर डिलीवरी करते हैं। हालांकि यह कार्य ग्राउंड व प्रथम तल पर होता है। जबकि कोरोना मरीजों के लिए व्यवस्थाएं तीसरी मंजिल पर बनाई गई हैं। इसके बावजूद कोरोना के मरीजों को लाने व ले जाने के लिए अस्पताल प्रबंधन को दूसरा रास्ता शुरू करना पड़ेगा। इससे संक्रमण के खतरे से बचा जा सकेगा।
यह रखें सावधानियां
- बार बार हाथों को साबुन से धोएं
- मास्क लगाकर ही बाहर निकलें
- भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें
- बुखार, सर्दी, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ है तो जांच कराएं
- जरूरी हो तब ही दूसरे राज्यों की यात्रा करें
सरकारी व निजी पैथोलॉजी से मरीजों का विवरण साझा करने के लिए कहा गया है। जो एक मरीज पॉजिटिव मिले हैं, उनकी तबीयत सामान्य है। हमारी टीम संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए काम कर रही है। सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं। चार पीएचसी पर भी बेड बढ़ाए गए हैं। - डॉ. हरीश चंद्रा, जिला सर्विलांस अधिकारी