दो गुटों में बंटी सपा, भाजपा रचेगी इतिहास : भूपेंद्र
रामपुर जिले में समाजवादी पार्टी दो गुटों में बंट चुकी है। इस गुटबाजी से सपा का पतन होगा। भाजपा अब इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। बुधवार को रामपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने ये बातें कहीं। भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने रामपुर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने शाहबाद रोड स्थित सांवरिया फार्म हाउस पर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ चुनाव को लेकर मंथन किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत अवश्य रंग लाने वाली है। आने वाले चुनाव में आप सब लोग भारी मतों से सीट जीतेंगे। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अभी तक समझ नहीं पा रहा कि चुनाव में किस प्रत्याशी को उतारना है। उनकी आपसी गुटबाजी से उनकी पार्टी का निश्चित ही पतन होगा।
प्रदेेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब दो गुटों में बंट चुकी है। निश्चित तौर से भारतीय जनता पार्टी इतिहास रचेगी और हमेशा से ज्यादा वोटों से रामपुर की सीट जीतने वाली है। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मेहनत के साथ चुनाव में जुट जाएं। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, सांसद घनश्याम सिंह लोधी, जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना, पैक्सफेड के पूर्व चेयरमैन सूर्य प्रकाश पाल आदि मौजूद रहे।
सपा गठबंधन में चुनाव से पहले ही घमासान : नकवी
पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि चौबीस का चुनाव विपक्षी रणबांकुरों से ज्यादा रणछोड़ बहादुरों का रिकाॅर्ड साबित होगा। उन्होंने कहा कि चुनावी मैदान में भाजपा से भिड़ने वालों से ज्यादा मैदान से भागने वालों की भीड़ दिख रही है।
नकवी ने बुधवार को शहर में एक बैठक में कहा कि आज मुल्क का मोदी मय माहौल, करोड़ो कार्यकर्ताओं की तपस्या की ताकत और नरेंद्र मोदी के परिश्रम का परिणाम है, जिसने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी और सुशासन की स्वभाविक राजनीतिक पार्टी बना दिया है।
नकवी ने कहा कि कांग्रेस और सपा गठबंधन में मैदान में आने से पहले ही बिना जमीन के जागीरदार का महत्वाकांक्षी घमासान साफ दिखाई दे रहा है।