अमरोहा में भिड़े सपा और भाजपा कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
अमरोहा के जोया ब्लॉक प्रमुख चुनाव के मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ। सपा और भाजपा समर्थकों में पुलिस के सामने मारपीट हुई। उपद्रवियों ने दहशत फैलाने को ओवर ब्रिज पर खड़े होकर पांच छह राउंड फायरिंग की। जमकर पत्थराव किया।
घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बवालियों पर लाठी भांजकर खदेड़ दिया। बवाल के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों में दहशत का माहौल है।
अमरोहा जनपद में शनिवार को पांच ब्लॉकों में ब्लाक प्रमुख पद के लिए वोटिंग चल रही है। ग्यारह बजे से वोटिंग शुरू हुई। पुलिस प्रशासन ने जोया चौराहे से भाजपा समर्थित बीडीसी सदस्यों को ब्लॉक में जाने की अनुमति दी। जबकि सपा समर्थित सदस्यों को साप्ताहिक बाजार की तरफ से एंट्री दी गई।
मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था। तभी कुछ उपद्रवियों ने ओवर ब्रिज पर पहुंचकर पांच से छह राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग की घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। इससे पहले पुलिस कुछ समझ पाती उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके तत्काल बाद भाजपाइयों सपा समर्थित सदस्यों के एंट्री स्थल पर कब्जा कर लिया।