65 साल में देश 17 आम चुनावों से गुजर चुका है। लोकसभा के इन 17 चुनावों में मुरादाबाद मंडल की लोकसभा सीटों पर 1104 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई। 83 प्रत्याशियों की चुनावी नैया पार हुई और देश के सबसे बड़े सदन का प्रतिनिधित्व करने मौका मिला। वहीं 65 वर्षों में मंडल की लोकसभा सीटें चार से बढ़कर छह हो गईं।
पहले लोकसभा चुनाव में मंडल की चार सीटों पर मात्र 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान थे। वर्ष 1977 में मंडल की सीटें पांच हो गई। संभल लोकसभा सीट अस्तित्व में आई। इस चुनाव में 47 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले हुए परिसीमन में मंडल में एक नए लोकसभा क्षेत्र का उदय हुआ।
जिसे नगीना नाम मिला। इसके साथ ही मंडल में लोकसभा सीटों की संख्या छह पहुंच गई। 2009 के चुनाव में 102 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। 65 साल में हुए 17 आम चुनावों में मंडल की सीटों पर कुल 1104 प्रत्याशी संसद बनने का सपना लेकर मैदान में उतरे।
चुनाव जीतकर 83 उम्मीदवार लोकसभा का प्रतिनिधित्व करने में सफल रहे। इसमें कुछ ऐसे भी थे जो दो से तीन बार चुनाव जीतकर संसद पहुंचने में कामयाब हुए। फिलहाल इस बार मंडल की छह सीटों पर तीन चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर और नगीना लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि अमरोहा सीट पर 26 अप्रैल और संभल सीट पर सात मई वोट डाले जाएंगे।
नगीना में तीन चुनावों में 37 उम्मीदवार
नगीना लोकसभा सीट पर पहला चुनाव 2009 में हुआ। इससे पहले नगीना विधानसभा क्षेत्र बिजनौर लोकसभा सीट में आता था। यहां हुए तीन लोकसभा चुनाव में 37 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। 2009 में 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। 2014 में 16 और 2019 में सबसे कम सात उम्मीदवार चुनावी दंगल मेंं उतरे थे।
रामपुर के नाम सबसे अधिक उम्मीदवारी
वर्ष 1952 से 2019 तक हुए लोकसभा चुनावों में सबसे अधिक उम्मीदवारी का रिकॉर्ड रामपुर के नाम है। यहां प्रत्याशी पचासा लगा चुके हैं। 1996 में इस सीट पर 50 उम्मीदवार चुनाव मैदान मेंं थे। जो मंडल में किसी भी सीट पर सबसे अधिक प्रत्याशियों की संख्या रही।
प्रत्याशियों की संख्या में मुरादाबाद नंबर एक
मंडल में प्रत्याशियों की संख्या में मुरादाबाद लोकसभा सीट नंबर एक है। यहां 17 बार हुए लोकसभा चुनावों में 249 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। जो मंडल में प्रत्याशियों की सबसे अधिक संख्या है। दूसरे नंबर पर अमरोहा और तीसरे नंबर पर रामपुर सीट है। अमरोहा सीट से 234, रामपुर से 224, बिजनौर से 191, संभल से 169 और नगीना सीट से 37 प्रत्याशी चुनाव लड़ चुके हैं।