मुरादाबाद। आपसी विवाद को लेकर दो पक्ष बंग्ला गांव चौक पर आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव भी हुआ। इस दौरान चार युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का उपचार जिला अस्पताल कराया।
थाना नागफनी के क्षेत्र बंग्ला गांव स्थित मंदिर के सामने खड़े होकर कुछ युवक हल्ला कर रहे थे। स्थानीय निवासी दीपू और सोनू ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि शोर मचा रहे रोहित, सागर, मनोज व उनके साथियों ने दीपू व सोनू पर हमला कर दिया। मामूली बात पर दोनों ओर से जमकर मारपीट होने लगी और सड़क पर ही पथराव शुरू हो गया।
घटना के समय क्षेत्र में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं मारपीट में तीन युवक मामूली रूप से जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को वहां से खदेड़ा। नागफनी थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद