यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां
- फोटो : ANI
जमीन कब्जाने के आरोप में पुलिस ने सांसद आजम खां और पूर्व सीओ आलेहसन के खिलाफ दो और मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। इन दोनों के खिलाफ शुक्रवार को राजस्व निरीक्षक ने किसानों की जमीन कब्जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब किसान इस मामले में अलग-अलग तहरीर दे रहे हैं। शनिवार को इस मामले में आजम खां और आलेहसन के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए।
मामला सींगनखेड़ा के ग्राम आलियागंज का है। आलियागंज निवासी यासीन और बंदे सगे भाई हैं। दोनों ने अजीमनगर थाने में अलग-अलग तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर आजम खां ने तत्कालीन पुलिस अधिकारी आलेहसन के साथ मिलकर कब्जा कर लिया है। उनकी जमीन यूनिवर्सिटी की चाहरदीवारी में मिला ली गई। उनका कहना है कि हमने जब खेतों पर जाने की कोशिश की तो उन्होंने नहीं जाने दिया। विरोध करने पर जबरन हवालात में बंद कर दिया। मारपीट की और धमकाया।
इस मामले में दोनों भाइयों ने शनिवार को अजीमनगर थाने में अलग-अलग तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने सांसद और जौहर यूनिवर्सिटी के चांसलर आजम खां सहित पूर्व सीओ आलेहसन के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 342, 447, 384, 504 और 506 में दो अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अजीमनगर थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।