मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में टीटीई ने सोमवार रात लाइसेंसी रिवाल्वर से एक युवक को गोली मार दी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी टीटीई को रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सिविल लाइंस थानाक्षेत्र की रामाश्रम कॉलोनी निवासी विजय सिंह रेलवे विभाग में टीटीई के पद पर तैनात है। आरोप है कि विजय ने संभल जनपद के शहजादी सराय निवासी सतेंद्र और कौशल से रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर आठ लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि सुविधा शुल्क लेने के बाद भी विजय ने सतेंद्र और कौशल की नौकरी नहीं लगवा पाई थी। इसके बाद उन्होंने विजय पर रकम वापस करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया था। बताया जा रहा है कि विजय ने 26 नवंबर को चेक दे दिया, मगर वह बैंक में बाउंस हो गया था। इसके बाद युवकों ने अपनी रकम मांगी, तो आरोपी ने मंगलवार को उन्हें पैसे देने के लिए अपने घर बुला लिया था।
मंगलवार रात करीब आठ बजे सतेंद्र और कौशल अपने दोस्त नदीम निवासी सैफ खां, सराय संभल के साथ टीटीई के घर आए थे। यहां आरोपी टीईटी ने सतेंद्र और कौशल के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। नदीम ने बीच में आकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि टीटीई कमरे में गया और अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल लाया। इसके बाद उसने फायरिंग शुरू कर दी। गोली नदीम की दाहिनी जांघ में जा लगी और वह घायल हो गया। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। सतेंद्र और कौशल ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवा दिया। इसके बाद घेराबंदी कर आरोपी टीटीई को भी दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रिवाल्वर भी बरामद कर लिया। सूचना पर नदीम के परिजन भी संभल से मुरादाबाद पहुंच गए। इसके बाद घायल को रेफर कराकर निजी अस्पताल ले गए। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।