मुरादाबाद। मुरादाबाद के एक टीटीई पर ट्रेन के कोच में सोती हुई युवती ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। घटना सोमवार तड़के तकरीबन तीन बजे की है। ट्रेन संख्या (01629) दरभंगा-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल में युवती अपने भाई के साथ लखनऊ से दिल्ली के लिए सफर कर रही थी। इस दौरान लखनऊ से मुरादाबाद तक ट्रेन में मुरादाबाद के टीटीई स्टाफ की ड्यूटी थी। आरोप है कि ट्रेन के एस-1 कोच में टीटीई ने सोती युवती से छेड़खानी की। इस पर युवती हड़बड़ा कर जाग गई।
इसके बाद टीटीई ने जबरन अपना फोन नंबर देने की कोशिश की। इस पर युवती काफी डर गई। पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने भाई को दी। इस पर युवती के भाई और ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने ट्वीटर और रेल मदद के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। रेलवे कंट्रोल से यह सूचना अधिकारियों और जीआरपी तक पहुंची। इसके बाद ट्रेन के मुरादाबाद पहुंचने पर मुरादाबाद जीआरपी थाना की टीम ट्रेन के कोच में पहुंची और पीड़ित युवती से पूछताछ की।
जीआरपी का कहना है कि युवती और उसके भाई ने मुरादाबाद में अपनी शिकायत दर्ज नहीं कराई। उन्होंने अपने गंतव्य यानी दिल्ली में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। वहीं टीटीई स्टाफ की शिकायत मिलने पर वाणिज्य विभाग के मुखिया सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि स्टेशन इंचार्ज (सीआईटी) को इस मामले की जांच के लिए कहा गया है। यदि मामले में टीटीई की गलती पाई गई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।