बिलारी नगर में शाहबाद रोड पर पलटे गन्ने से भरे ट्रक को देखते लोग
- फोटो : BILARI
बिलारी (मुरादाबाद)। नगर में शाहबाद रोड पर शुक्रवार शाम गन्ने से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे सड़क पर गन्ना बिखरने से जाम लग गया। देर शाम तक वाहनों को रोड की एक साइड से निकाला गया। वहीं हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया।
अमरोहा जनपद के गजरौला क्षेत्र से भरा गन्ने का एक ट्रक शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे बिलारी होते हुए रामपुर जनपद के शाहबाद स्थित राणा चीनी मिल जा रहा था। बिलारी नगर में शाहबाद रोड स्थित शक्तिनगर कॉलोनी के सामने अचानक ट्रक में भरा गन्ना ऊपर से गिरने लगा। इसके बाद अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें भरा गन्ना पूरी सड़क पर फैल गया। शाहबाद रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। काफी समय तक जाम में वाहन फंसे रहे। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। आसपास के दुकानदारों ने ट्रक की खिड़की का शीशा तोड़कर चालक लाखन सिंह निवासी ग्राम शहबाजपुर डोर को बाहर निकाला। ट्रक चालक को चोटें आईं। ट्रक चालक के अनुसार, चीनी मिल प्रबंधन को सूचना भेज दी गई है कि ट्रक पलटने से फैले गन्ने को दूसरे ट्रक में भरवाकर उठवाया जाए।