पाकबड़ा । ब्रजघाट से गंगा स्नान करके रविवार तड़के लौट रहे श्रद्धालुओं के टेंपो में ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से टेंपो पलट गया, इसमें सवार आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और मदद में जुट गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
बुद्ध पूर्णिमा पर कुछ लोग एक टेंपो बुक करके शनिवार शाम ब्रजघाट स्थित गंगा नहाने के लिए गए थे। गंगा नहाकर श्रद्धालु शनिवार देर रात ही लौट रहे थे। रविवार तड़के करीब तीन बजे टेंपो दिल्ली हाईवे स्थित पाकबड़ा थाना क्षेत्र के लोदीपुर राजपूत गांव के पुल पर पहुंचा था, इसी समय दिल्ली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने टेंपो में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से टेंपो अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। टेंपो के पलटते ही श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद हाईवे पर ट्राफिक थम गया। लोगों की भीड़ जुट गयी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहित चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये।
घायल रामसरन (55) निवासी समाथल पाकबड़ा, राजकुमार (40) निवासी मछरिया कटघर, बबिता (30) निवासी सूर्य नगर मझोला, राजेश (30) निवासी दसवां घाट नागफनी, मीरा (28) निवासी दसवां घाट नागफनी, किशनपाल (55) निवासी पीतल नगरी कटघर, चन्द्रपाल (55) निवासी बंगला गांव नागफनी और हरिपाल निवासी मनोहरपुर, मझोला को पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। क्षतिग्रस्त टेंपो को थाने भेज दिया गया। इसके बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुचारु हो सका।