कुंदरकी (मुरादाबाद)। पावर बाइक पर हेलमेट लगाए बिना सफर कर रहे चचेरे-तहेरे भाई समेत तीन युवकों को नेशनल हाईवे पर बेकाबू डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक भाई की इलाज के दौरान सांसें थम गईं। हादसे के बाद चालक मौके पर डीसीएम छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बिलारी थानाक्षेत्र के अलैहदादपुर देवा निवासी अमित (20) पुत्र जयप्रकाश, उसका तहेरा भाई आजाद उर्फ मोनू (18) पुत्र श्याम सिंह और गांव का ही नमन (23) पुत्र रामकुंवर मझोला थानाक्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर स्थित एक्सपोर्ट फर्म में लकड़ी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बृहस्पतिवार सुबह ड्यूटी जाने के लिए पावर बाइक पर सवार होकर निकले थे। तीनों ने ही हेलमेट नहीं लगाया था। बाइक अमित चला रहा था। करीब साढ़ेे आठ बजे उनकी बाइक मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे से सटे कुंदरकी बाईपास पर जैतपुर पट्टी गांव के सामने से गुजर रही थी। इसी दौरान मुरादाबाद की ओर से आ रही तेज गति अनियंत्रित डीसीएम ने उनकी बाइक में सामने से सीधी टक्कर मार दी। भीषण हादसे में आजाद उर्फ मोनू और नमन की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमित को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद
मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। घायल अमित ने भी मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि कि हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। मृतक आजाद उर्फ मोनू के पिता श्याम सिंह की
तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।