कुंदरकी (मुरादाबाद)। कुंदरकी थानाक्षेत्र में सोमवार दोपहर मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर बेकाबू ट्रक ने टेेंपो को सामने से टक्कर मार दी। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में टेंपो सवार दादी-पोता समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे समेत सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला
अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया।
कुंदरकी पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब सवा बारह बजे एक टेंपो मुरादाबाद से कुंदरकी के लिए जा रहा था। इसमें चालक समेत दस सवारियां थीं। जब टेंपो मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे स्थित हुसैनपुर गांव के पास पहुंचा, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक किया और टेंपो में टक्कर मार दी। इसमें टेंपो अनियंत्रित होकर पलटते हुए सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया।
इस भीषण हादसे में टेंपो सवार जाहिदा (55) पत्नी मोहम्मद मुस्लिम निवासी ग्राम फत्तेहपुर खास थाना मैनाठेर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका जाहिदा के गंभीर रूप से घायल पोते मोहम्मद रजा (5) पुत्र आबिद हुसैन और सहयात्री अनीता रानी (32) पत्नी मंजीत कुमार निवासी ग्राम माधुपुरी थाना मैनाठेर की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसे में मृत बालक मोहम्मद रजा की मां अफसाना, चाची आलेमीन पत्नी गालिब, उनका बेटा अरहम, मुन्नी देवी पत्नी शंकर सिंह निवासी ग्राम मधुपुरी थाना मैनाठेर, छोटी पत्नी हसनैन निवासी ग्राम डोमघर और अफसरी पत्नी जहांगीर निवासी ग्राम मिलक सीकरी थाना कुंदरकी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टेंपो से एक ही परिवार के पांच लोग कुंदरकी में एक बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। हादसे में दादी-पोते की मौत हो गई। वहीं हादसे के चलते हाईवे पर लोगों की भीड़ जुटने से यातायात बाधित हुआ।
पुलिस ने मशक्कत कर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है वहीं फरार आरोपी ट्रक चालक की तलाश कर रही है। कार्यवाहक एसओ कुलजीत सिंह ने बताया कि दो महिलाओं और बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।