मुरादाबाद। मंडी समिति बिजलीघर के ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने के कारण रविवार देर रात तीन बजे बिजली गुल हो गई। इससे लाइनपार क्षेत्र के मंडी समिति, एकता कॉलोनी, रामेश्वर कॉलोनी, कुंदनपुर में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह छह बजे बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
तीन बजे बिजली गुल होने के बाद गर्मी से परेशान लोगों ने बिजलीघर फोन लगाया। वहां से कोई जानकारी नहीं मिली। अलग अलग कॉलोनियों से लोग बिजलीघर को लगातार फोन करते रहे। आखिर में सप्लाई शुरू होने से 10 मिनट पहले विद्युतकर्मी ने बताया कि ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने के कारण फाल्ट हुआ था। लाइन स्टाफ काफी देर तक लगा रहा, अब जाकर फाल्ट दुरुस्त हो सका। गनीमत रही कि छह बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई, अन्यथा लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ सकता था। वहीं मंडी समिति बिजलीघर के जेई बृजेश कुमार का ट्रांसफर होने के बाद टैक्सी स्टैंड बिजलीघर के जेई संजीव गुप्ता को प्रभार सौंपा गया है।