मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण ने तीन और जानें ले ली है। जिले में करीब दस घंटे में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। इलाज के दौरान टीएमयू अस्पताल में बुजुर्ग महिला समेत तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। कोरोना की इस लहर में जिले में अभी तक छह लोगों की मौत हो चुकी है।
रसूलपुर नगली निवासी साठ वर्षीय महिला को बुखार होने पर परिजनों ने कोविड की जांच कराई थी। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। परिजनों ने उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत बिगड़ने पर परिजन 21 जनवरी उन्हें टीएमयू अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। लेकिन शनिवार रात 9.45 बजे उनकी मौत हो गई।
मझोला क्षेत्र के रहने वाला 26 वर्षीय युवक जांच में कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद परिजनों ने उसे 11 जनवरी को टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान शनिवार रात 1.50 बजे युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं मुगलपुरा निवासी 55 वर्षीय बुजुर्ग को गले में खराश और बुखार की शिकायत थी। जांच कराई तो वह कोरोना पॉजिटिव निकले। परिजनों ने इलाज के लिए उन्हें 12 जनवरी को टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका 11 दिनों तक इलाज चला। रविवार सुबह 7.50 बजे उनकी मौत हो गई। दस घंटे में कोरोना से तीन मौतें होने से सेहत महकमे में खलबली मच गई है। जिले में इस लहर में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में दो बुजुर्ग और एक युवक शामिल हैं। अभी तक इस लहर में छह लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण को हल्के में न लें। कोविड प्रोटोकाल का पालन करें।
- डॉ. एमसी गर्ग, सीएमओ