मुरादाबाद में सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर के मकान में मंगलवार रात 21 लाख की चोरी हो गई। गुरुवार सुबह मकान की छत पर एक लेटर और कुछ रुपये एक लिफाफे में मिले। इसमें चोर ने अपनी गलती मानी। लिखा कि मैनेजर साहब केस वापस ले लीजिए, गलती हो गई
मुरादाबाद जिले के सिविल लाइंस थाना इलाके के अगवानपुर निवासी प्रथमा बैंक के सेवानिवृत्त मैनेजर मोहम्मद महफूज के मकान की छत पर गुरुवार सुबह 31 हजार 100 रुपये के नोट एक चादर में लिपटे मिले। जिसके साथ एक लेटर भी है। जिसमें लिखा है मैनेजर साहब केस वापस ले लीजिए।
विज्ञापन
गलती हो गई। मुझे केवल हार मिले हैं। कोई और सामान नहीं है। अब कभी गलती नहीं करुंगा। पुलिस ने लेटर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, अगवानपुर के मोहल्ला कुरैशियान निवासी हाजी मोहम्मद महफूज प्रथमा बैंक से मैनेजर के पद से सेवा निवृत्त हैं।
मंगलवार रात उनके घर से सोलह लाख रुपये की कीमत के जेवर और करीब छह लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी। घटना के समय मोहम्मद महफूज और उनका परिवार शादी समारोह में शामिल होने अमरोहा गया था। वहां से लौटने पर घटना की जानकारी हो गई थी।
विज्ञापन
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इसी बीच गुरुवार सुबह मैनेजर के मकान की छत पर एक लेटर और 31100 रुपये के नोट मिले हैं। पुलिस का कहना है कि लेटर में लिखा है कि मैनेजर साहब केस वापस ले लीजिए, गलती हो गई।
मैं केवल हार चोरी करने आया था। कोई और सामान नहीं मिला है। आगे ऐसी गलत नहीं होगी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह का कहना है कि लेटर की जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ करेंगे।