मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में मंगलवार रात चोरों ने फर्नीचर की दुकान में कूमल लगाकर दो लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह कारपेंटर दुकान पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हो सकी। उसने रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के बूजपुर आशा निवासी फरमान अली की गांव में ही फर्नीचर की दुकान है। फरमान ने बताया कि मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद वह घर चले गए थे। रात में किसी समय चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में कूमल लगा दिया। इसके बाद चोर दुकान से फर्नीचर का सामान, जनरेटर, मशीन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह फरमान दुकान पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हो पाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मुआयना किया। मूंढापांडे थाना प्रभारी संजय पांचाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है।