फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कार्पियों सवार युवकों ने दिखाई गुंडई, कार सवार युवक, महिलाओं को रोक कर पीटा, कार की क्षतिग्रस्त

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कांठरोड स्थित प्रेमनगर मार्ग पर शनिवार रात स्कार्पियो सवार दो युवकों ने जमकर गुंडई दिखाई। पहले लाइट जलाकर स्कार्पियो को सड़क पर खड़ा कर दिया। उधर से गुजरते समय स्विफ्ट डिजायर कार के उससे टच हो जाने के बाद स्कार्पियो सवार दबंगों ने आगे जाकर उसकी कार को रोक लिया और डंडा निकाल कर ताबड़तोड़ कार पर प्रहार कर उसे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर कार में सवार युवकों व महिलाओं से भी मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों की स्कार्पियों में पुलिस की टोपी और डंडा रखा था। यही वजह है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने स्कार्पियों स्वामी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
विज्ञापन

ठाकुरद्वारा निवासी अजय कुमार ने बताया कि शनिवार को वह अपने मित्र हर्षित, मां और मौसी के साथ रेलवे कॉलोनी में अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से अपने परिचित के घर एक रिश्ते के सिलसिले में आए थे। रात करीब 8:30 बजे वह लोग वापस जा रहे थे। आरोप है कि प्रेम नगर के निकट सड़क पर एक स्कार्पियो खड़ी थी तथा उसकी लाइट जल रही थी। साइड में सड़क खराब थी। इसलिए उसने पहले स्कार्पियो को रास्ते से हटाने के लिए हार्न बजाया। स्कार्पियो सवार ने जब अपना वाहन नहीं हटाया तो वह साइड से अपनी कार निकालने लगा। इसी बीच कार का पिछला हिस्सा स्कार्पियो से मामूली रूप से टच हो गया। इस पर स्कार्पियो से उतरे दो युवकों ने उससे गाली गलौज करनी शुरू कर दी। कार में महिलाएं बैठी थी लिहाजा उसने युवकों का विरोध करने के बजाय चुपचाप निकल गया। आरोप है कि कुछ दूर आगे पहुंचे ही थे कि पीछे से आई स्कार्पियो सवार युवकों ने अचानक उसकी कार के आगे रोक दी। स्कार्पियो सवार दो युवक हाथ में पुलिस वाला डंडा लेकर उतरे और उसे गालियां देते हुए कार पर ताबड़तोड़ डंडे से प्रहार कर उसके सभी शीशे तोड़ दिये। अजय ने बताया कि उन लोगों ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने कार में सवार सभी लोगों के साथ मारपीट की। कार क्षतिग्रस्त करने के बाद आरोपी स्कार्पियो से वापस चले गए। उसने इसकी सूचना पुलिस को भी दी, मौके पर पहुंची डायल 100 ने उसे रिपोर्ट लिखाने थाने जाने को कहा। अजय ने बताया कि उसने थाने पहुंच कर स्कार्पियो का नंबर देने के साथ पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने उसकी एनसीआर लिखकर उसे टरका दिया। अजय का कहना है कि कार में पुलिस की टोपी और डंडा रखा था। इसके चलते उनका संबंध पुलिस से हो सकता है। यही वजह है कि पुलिस ने दबंगईं दिखाने वाले युवकों की तलाश तक नहीं की। यहां तक की स्कार्पियो स्वामी तक से पूछताछ नहीं की। एसएचओ सिविल लाइंस ने बताया कि स्कार्पियो स्वामी को फोन किया था। उसने अपनी स्कार्पियो किसी को बेच देने की बात फोन पर बतायाई है। दबंग युवकों के पुलिस के परिवार से होने की बात की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें