मुरादाबाद। नागफनी थानाक्षेत्र में बंगला गांव के पास मंगलवार सुबह एक युवक ने रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक नदी किनारे पर बैठा था। एक बुजुर्ग के शोर मचाने पर लोग जुट गए। लोग युवक को ढूंढने के लिए नदी में कूदे, मगर उन्हें सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन भी आ गए। उन्होंने पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की। देर रात तक युवक का पता नहीं चल पाया था।
रामगंगा नदी में छलांग लगाने वाला युवक शंकर (26) नागफनी थानाक्षेत्र में बंगला गांव तारों वाली गली निवासी हैं। वह हलवाई का काम करता था। पुलिस के मुुताबिक, मंगलवार सुबह करीब दस बजे शंकर रामगंगा नदी किनारे बैठा था। इसी दौरान अचानक उसने नदी में छलांग मार दी। बंगला गांव निवासी हुकम सिंह नें उसे छलांग लगाते देख लिया। हुकुम सिंह के शोर मचाने पर अन्य लोग भी आ गए। उन्होंने युवक की तलाश में छलांग लगाई। काफी खोजबीन के बाद भी युवक का पता नहीं चल पाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पीएसी के गोताखोर बुला लिए गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि शंकर के माता पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। शंकर अपनी बहन लक्ष्मी पत्नी राजेंद्र के साथ रहता था। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की तलाश में पुलिस और पीएसी के गोताखोर जुटे हैं। अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है।