मुरादाबाद। नागफनी थानाक्षेत्र में चोरों ने एक मकान से नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार बाहर गया था। गृहस्वामी की बेटी घर लौटी तो घटना की जानकारी हुई। इस वारदात में खास बात ये है कि चोरों ने मकान की तीसरी मंजिल के जीने के दरवाजे की कुंडी कपड़े में चुंबक बांधकर खोली गई है। चोरों ने छत से घर में प्रवेश किया। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
नागफनी थानाक्षेत्र के बंगला गांव निवासी जागेश कुमार गुप्ता ने बताया कि दस जनवरी को उनकी सास की मृत्यु हो गई थी। वह परिवार को लेकर बरेली के कुंवरपुर गांव स्थित ससुराल गए थे। 23 जनवरी की रात करीब साढ़े दस बजे जागेश की बेटी निधि गुप्ता घर लौटी तो उसने देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, जबकि अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और 62 हजार रुपये गायब थे।
इसके बाद बेटी ने ऊपरी मंजिल पर जाकर देखा तो जीने का दरवाजा खुला हुआ था। वहीं पास में एक कपड़े में बंधी चुंबक पड़ी थी। इससे माना जा रहा है कि चोर छत के जरिए मकान में घुसे। चुंबक से तीसरी मंजिल के जीने के दरवाजे की कुंडी खोलकर घर में प्रवेश किया और दूसरी मंजिल पर जाकर कमरों से सामान चोरी कर लिया। नागफनी थाना प्रभारी जय प्रकाश ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोरों की तलाश में लगी हुई है।