मुरादाबाद। मां की डांट से क्षुब्ध होकर किशोरी पटियाला से मुरादाबाद पहुंच गई। ट्रेन में एक यात्री की सूचना पर जीआरपी ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर किशोरी को ट्रेन से उतार लिया। जीआरपी ने किशोरी से पूछताछ कर उसे रेलवे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया।
रेलवे स्टेशन पर शोभना ग्रामोद्योग संस्था द्वारा संचालित चाइल्ड लाइन की टीम ने किशोरी की काउंसलिंग कर उसे परिजनों को सौंप दिया। रेलवे चाइल्ड लाइन के प्रभारी अतीक फारूकी ने बताया कि किशोरी मां की डांट से क्षुब्ध होकर पटियाला से लुधियाना पहुंची और वहां से बस पकड़कर दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। वहां से ट्रेन में बैठकर मुरादाबाद आ गई।
रेलवे चाइल्ड लाइन की मेंबर निखत परवीन ने बताया कि किशोरी का नाम डिंपल है। वह अपने पिता महेंद्र पाल और माता रेखा देवी के साथ पटियाला में रहती है। फोन पर बात होने के बाद किशोरी के माता-पिता उसे लेने के लिए मुरादाबाद पहुंच गए। इसके बाद किशोरी को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया।