मुरादाबाद। कुंदरकी ब्लाक की ग्राम पंचायत रतनपुर कलां में शासन स्तर से हुई जांच में प्रशासकों के कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों में हैंडपंप मरम्मत और रिबोर के कार्य में काफी गड़बड़ी मिली थी। खास बात यह है कि एक तरफ शासन की टीम प्रशासकों के कार्यकाल की जांच कर रही थी, उसी दौरान ग्राम पंचायत में हैंडपंप रिबोर और मरम्मत के नाम से करीब साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए गए। खास बात यह है कि ग्राम प्रधान ने इस पर हैरानी जताई है।
25 दिसंबर 2020 से 27 मई 2021 तक प्रशासकों के कार्यकाल में ग्राम निधि के शासकीय धन आहरण के संबंध में शासन स्तर से गठित विशेष टीम द्वारा कुंदरकी ब्लाक की दस ग्राम पंचायतों की जांच की गई थी, जिसमें सबसे ज्यादा गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताएं ग्राम पंचायत रतनपुर कलां में सामने आई थीं। कायाकल्प के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान, हैंडपंप मरम्मत व हैंडपंप रिबोर कराने के नाम पर भुगतान और पुरानी बैंचों को नई बैंचें दिखाने का मामला सामने आया था। ग्राम पंचायत सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह द्वारा जांच समिति को जांच के समय अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
प्रशासकों के कार्यकाल में हैंडपंप मरम्मत और रिबोर के नाम पर भी लाखों रुपये का भुगतान होने के बावजूद नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के कार्यकाल में भी हैंडपंप मरम्मत और हैंडपंप रिबोर के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान ग्राम निधि से कर दिया गया। ई-स्वराज वेबसाइट के अनुसार ग्राम पंचायत रतनपुर कलां में 15 जुलाई 2021 को हैंडपंप मरम्मत के नाम पर 150000 रुपये व हैंडपंप रिबोर के नाम पर 164000 रुपये का भुगतान किया गया। 24 सितंबर 2021 को प्रधान के घर के पास, जामा मस्जिद के गेट पर तथा कब्रिस्तान वाले रास्ते पर हैंडपंप रिबोर के नाम पर 119823 रुपये का भुगतान किया गया है।
साथ ही 10 जुलाई 2021 को ग्राम पंचायत में सफाई कार्य के नाम पर 180000 रुपये का भुगतान भी किया गया। जबकि प्रत्येक ग्राम पंचायत में सफाई कार्य के लिए सफाई कर्मी पहले से ही नियुक्त हैं। ग्राम प्रधान ने इतनी अधिक धनराशि निकाले जाने पर हैरानी जताई है।