कांठ (मुरादाबाद)। प्रेमी के शादी से इनकार करने पर क्षुब्ध युवती ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ी तो वह सीओ ऑफिस के पास ही स्थित आपूर्ति कार्यालय के सामने गिर गई। आनन फानन पुलिस ने युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में आरोपी प्रेमी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, थाना रुड़की जनपद हरिद्वार उत्तराखंड की रहने वाली एक युवती का प्रेम प्रसंग करीब तीन वर्ष से कांठ नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक के साथ चला आ रहा था। युवक रोडवेज की बस का चालक है और उसका हरिद्वार, रुड़की समेत अन्य जगहों पर आना जाना होता है। इस दौरान युवती की उससे जान पहचान हो गई थी। युवती का आरोप है कि युवक उससे शादी करने का वादा कर तीन साल से उसका शारीरिक शोषण भी कर रहा था। कई बार उसने शादी के लिए कहा, लेकिन युवक उससे बहानेबाजी करता रहा। अब पंद्रह दिन पहले उसने उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया। साथ ही उसका मोबाइल नंबर भी ब्लैक लिस्ट में डाल दिया।
गुरुवार को युवती युवक के घर कांठ पहुंची तो उसे युवक के बारे में शादीशुदा होने की जानकारी हुई। इसके बाद वह कार्रवाई के लिए कांठ थाने पहुंच गई। आरोप है कि उसकी यहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और वह सीओ कांठ से गुहार लगाने के लिए तहसील पहुंच गई। यहां उसकी हालत बिगड़ गई और वह सीओ ऑफिस से पहले ही स्थित आपूर्ति कार्यालय के सामने गिर गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों और तहसील कर्मियों ने सीओ ऑफिस में पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस कर्मी युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही सीओ महेशचंद्र गौतम, थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेशपाल सिंह और कस्बा चौकी प्रभारी यशपाल सिंह भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रेमी रहमान निवासी कांठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं चिकित्सकों ने युवती की हालत में काफी सुधार बताया है।
00000000000000000000000000000000000000
युवती द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उन्हीं को आधार बनाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - महेशचंद्र गौतम, सीओ, कांठ