कांठ। थाना क्षेत्र के मोहल्ला घोसीपुरा निवासी एक युवक का शव रविवार सुबह किराए के घर में रेलिंग के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जिसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई। परिवार वालों ने पत्नी से तनाव को लेकर युवक द्वारा खुदकुशी की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला घोसीपुरा निवासी मोहम्मद अरशद (23) मेहनत मजदूरी करता था। परिवार वालों के मुताबिक एक माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसके बाद से ही अरशद नगर में सुनेेहरी मस्जिद के पास किराए का मकान लेकर परिवार से अलग पत्नी अरशीदा के साथ रहता था।
परिवार वालों के मुताबिक शादी के बाद से ही वह कभी अपने परिवार वालों तो कभी पत्नी से अनबन के कारण काफी तनाव में रहने लगा था। इसके चलते पिछले कुछ दिन पहले उसके अपने हाथ की नस काटने का भी प्रयास किया था। रविवार सुबह उसकी पत्नी की नींद जब खुली तो उसने देखा कि अरशद का शव किराए के घर में ही जीने के नीचे रेलिंग के सहारे कपड़े के फंदे से लटका था। पत्नी यह देख दंग रह गई। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के ही काफी लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने घटना की सूचना अरशद के परिवार वालों व पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेशपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। मजदूर की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हैंगिंग से होना बताई गई है। जिसके आधार पर पुलिस उसके आत्महत्या करने की बात कह रही है। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के मुताबिक अरशद नशे का भी आदी था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अब तक की गई जांच में मामला आत्महत्या का सामने आ रहा है। इसके कारणों की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।