मुरादाबाद। बुलंदशहर से सीमेंट से भरा ट्रक लेकर चले चालक का शव उसी के ट्रक में मिला। उसके सिर समेत शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। थाना मझोला क्षेत्र के आजाद नगर में खड़े इस ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है तथा नशे की हालत में मिले ट्रक के हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना मझोला क्षेत्र के आजाद नगर में खड़े एक ट्रक में शाम के समय कुछ लोगों ने एक युवक का शव पड़े देखा। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कुछ लोगों ने इसकी सूचना मझोला थाना पुलिस को दी। जिसके बाद थानाध्यक्ष मझोला अशोक कुमार ट्रांसपोर्ट नगर चौकी इंचार्ज के साथ मौके पर पहुंच गए। ट्रक को जो युवक चलाकर वहां तक ले गया था, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। नशे की हालत में पकड़े गए इस युवक ने अपना नाम वीरेंद्र कुमार निवासी कासगंज बताया। ट्रक नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके मालिक का पता लगाया तो वह बुलंदशहर के एक ट्रांसपोर्टर का निकला।
पूछताछ में ट्रांसपोर्टर ने पुलिस को बताया कि ट्रक बुलंदशहर से सीमेंट लेकर मुरादाबाद के छजलैट के लिए निकला था। पुलिस ने बताया कि ट्रक में जो शव मिला है वह सतेंद्र कुमार (40) निवासी अनूपशहर बुलंदशहर का है। जो ट्रक का चालक था। इसकी पुष्टि ट्रांसपोर्टर ने भी की है। जबकि ट्रक के साथ पकड़ा गया वीरेंद्र कुमार ट्रक के हेल्पर का है। थाना प्रभारी मझोला ने बताया कि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि हेल्पर नशे में है। उसने यह भी बताया कि रास्ते में दोनोें ने शराब पी थी। इसी दौरान विवाद और मारपीट में सतेंद्र घायल हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिचालक के नशे में होने के कारण सही तरह से जानकारी नहीं दे पा रहा है। उसे हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एक ट्रक में बुलंदशहर निवासी एक युवक का शव मिला है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। मझोला थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कर ट्रक के हेल्पर को हिरासत में ले लिया गया है। हेल्पर ट्रक चला लेता है। घटना कहां हुई और क्यों हुई इसकी जानकारी के उससे पूछताछ की जा रही है। ट्रक स्वामी को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। मृतक के परिवार वालों को भी सूचना भेज दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
- अमित आनंद, एसपी सिटी