चंदौसी शहर के बाहरी हिस्से में बसी आबादी में एक शख्स ने घर में टीवी देखने आई नौ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची ने घर वालों को बताने की बात कही तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
बच्ची का शव बोरी में भर कर ठिकाने लगाने की कोशिश के दौरान परिजनों ने हत्यारोपी को पकड़ लिया। परिवार और आसपास के लोगों ने पीटकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
अनहोनी का शिकार हुई एक मजदूर की बेटी। गुरुवार की शाम वह घर के बाहर खेल रही थी। शाम करीब साढ़े चार बजे पड़ोसी दयाराम के घर टीवी देखने चली गई। आरोपी दयाराम ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची ने विरोध किया। साथ ही परिजनों को बताने की बात कही तो दयाराम ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
शाम छह बजे तक बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मोहल्ले के अन्य लोग भी तलाश में जुटे। बच्ची को तलाश करने वालों में दयाराम शामिल नहीं हुआ। शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे बाहर सन्नाटा मानकर दयाराम बच्ची का शव बोरे में लेकर घर से निकला।