मुरादाबाद। तेज धूप की वजह से तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह में तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के मुताबिक वातावरण एकदम साफ है। सुबह से लेकर शाम तक चटख धूप खिल रही है। इसकी वजह से वातावरण में नमी तेजी से कम हो रही है। अभी बारिश होने की भी संभावना नहीं है। इसकी वजह से तापमान में और बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि 18 मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाने की संभावना है, लेकिन अभी मैदानी क्षेत्रों के लिए कोई पूर्वानुमान नहीं आया है।
बुधवार को भी सुबह से मौसम साफ था। हवा की गति भी सामान्य थी। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में .6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में .8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, वातावरण में नमी शाम के समय 50 फीसदी से भी कम रह गई। इसकी वजह से दिन में ही नहीं, बल्कि शाम को भी लोगों को गर्मी का अनुभव हुआ। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय वातावरण में नमी 67 फीसदी थी, जो शाम को 49 फीसदी दर्ज की गई। हवा की गति भी करीब पांच किलोमीटर प्रति घंटा पूरब से पश्चिम दिशा में रही।