मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। उसने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि तीन साल पहले उसका निकाह मझोला के जयंतीपुर निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति और अन्य ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे ताने देने शुरू कर दिए थे। महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ कई बार मारपीट की गई। मायके वालों के समझाने के बाद पति कुछ दिन तो शांत रहा। इसके बाद फिर से उत्पीड़न शुरू कर दिया। पंद्रह फरवरी को भी पति ने उस पर दबाव बनाया कि वह अपने मायके से पचास हजार रुपये लेकर आए। महिला ने इसका विरोध किया तो फिर से उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला अपने मायके पहुंची और अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। एसएसपी बबलू कुमार ने मझोला थाना प्रभारी को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। ब्यूरो