सुप्रीम कोर्ट ने हमें इंसाफ दिया : तजीन
रामपुर। सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत पर प्रतिक्रिया देते हुए आजम खां की पत्नी एवं पूर्व विधायक डॉ. तजीन फात्मा ने कहा कि आखिर में सच की जीत होती है। यहां भी सच्चाई की जीत हुई है। इस फैसले से सभी में खुशी का माहौल है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हमें इंसाफ दिया है। जौहर विश्वविद्यालय को लेकर चल रहीं जांचों के बारे में पूछने उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच पूरी होने के बाद कहूंगी।
वहीं सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने कहा कि कानून की जीत हुई है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से जनता का कानून के प्रति भरोसा बढ़ा है। इससे साबित हो गया है कि देश कानून से चलता है। आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू ने कहा कि यह सर्वोच्च न्यायालय का सर्वोच्च निर्णय है, सर्वोच्च न्याय है, हम इसका स्वागत करते हैं।
अब्दुल्ला ने किया ट्वीट, सुप्रीम कोर्ट जिंदाबाद
रामपुर। सुप्रीम कोर्ट द्वारा सपा नेता आजम खां को अंतरिम जमानत दिए जाने के बाद आजम खां के बेटे एवं स्वार सीट से विधायक अब्दुल्ला आजम ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। ट्वीट में अब्दुल्ला आजम ने सुप्रीम कोर्ट जिंदाबाद लिखा है। इससे पहले छह मई को भी अब्दुल्ला आजम ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद ट्वीट पर ऐसी ही प्रतिक्रिया दी थी।
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के फेसबुक पेज पर भी आजम खां की अंतरिम जमानत को अन्याय पर न्याय की जीत बताते हुए पोस्ट की गई है।
जमानत मिली है, बरी नहीं हुए हैं आजम : आकाश
रामपुर। भाजपा नेता और आजम खां, अब्दुल्ला आजम और डॉ. तजीन फात्मा के खिलाफ दर्ज कई मामलों के वादी आकाश सक्सेना ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा आजम खां को अंतरिम जमानत पर कटाक्ष शैली में प्रतिक्रिया दी है।
आकाश सक्सेना ने कहा कि न्यायपालिका पर उन्हें पूरा विश्वास है और जीत सत्य की होगी। हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। कहा कि आजम खां को जमानत मिली है, बरी नहीं हुए हैं। कहा कि वह (आकाश) आगे भी सत्य के साथ मजबूती से इन मामलों की पैरवी करते रहेंगे।